HomeUncategorizedसरकारी बोर्ड चमचमाया, लेकिन आंगनबाड़ी को 20 साल में नहीं मिली पक्की...

सरकारी बोर्ड चमचमाया, लेकिन आंगनबाड़ी को 20 साल में नहीं मिली पक्की छत; बांस की झोपड़ी में 53 बच्चे

बस्तर। बाहर लोहे का चमचमाता सरकारी बोर्ड लगा है—‘आंगनबाड़ी केंद्र बेरकोट’। बोर्ड देखकर लगता है कि भीतर बच्चों के लिए पक्का भवन और जरूरी सुविधाएं होंगी। लेकिन बोर्ड के पीछे का नजारा सरकारी दावों की हकीकत सामने लाता है। यहां न ईंट की पक्की दीवार है और न ही पक्की छत। बांस की कमचियों से बुनी कच्ची कुरिया में गांव के 53 बच्चे जमीन पर टाट-पट्टी बिछाकर पोषाहार खाने और पढ़ने को मजबूर हैं।

यह मामला छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत परतापुर के आश्रित गांव बेरकोट का है। ग्रामीणों के मुताबिक, आंगनबाड़ी केंद्र करीब 20 वर्षों से इसी जर्जर झोपड़ी में संचालित हो रहा है।

बारिश में टपकती है छत, जहरीले जीव-जंतुओं का भी डर

आंगनबाड़ी केंद्र के नाम पर बनी इस झोपड़ी की छत पुरानी खपरैल से ढकी है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने लगता है। ऐसे में बच्चों को बचाने के लिए पन्नी का सहारा लेना पड़ता है। बांस की दीवारों में जगह-जगह दरारें हैं, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं के अंदर आने का खतरा बना रहता है।

केंद्र में ‘सुपोषण चौपाल’ का फ्लेक्स बैनर लगा है। उसके नीचे बच्चे जमीन पर बैठकर पोषाहार खाते नजर आते हैं। जिस आंगनबाड़ी केंद्र का उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से बचाना है, वही केंद्र खुद बदहाली का शिकार है।

20 साल से झोपड़ी में सेवाएं दे रहीं कार्यकर्ता

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पार्वती दुग्गा पिछले करीब 20 वर्षों से इसी झोपड़ी में बच्चों को सेवाएं दे रही हैं। उनका कहना है कि इस दौरान प्रदेश में कई सरकारें और मुख्यमंत्री बदले, लेकिन बेरकोट आंगनबाड़ी केंद्र के लिए पक्की छत नहीं मिल सकी।

उन्होंने कहा, “हर बारिश में छत से पानी टपकता है। बच्चों को बचाने के लिए नीली पन्नी ढंकनी पड़ती है। 20 साल से हम इसी डर के बीच बच्चों को संभाल रहे हैं।”

आंगनबाड़ी केंद्र में कुल 53 बच्चे दर्ज हैं। इनमें 0 से 3 वर्ष की उम्र के 28 शिशु और 3 से 6 वर्ष की उम्र के 25 बच्चे शामिल हैं।

2016 में भवन स्वीकृत, अब तक निर्माण पूरा नहीं

ग्रामीणों के मुताबिक, आंगनबाड़ी भवन के निर्माण को वर्ष 2016 में स्वीकृति मिली थी। निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी भवन पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है।

पालकों और ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने आंगनबाड़ी भवन को पूरा कराने के लिए जनपद से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।

जर्जर भवन में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल

Howdy, admin

ग्रामीणों का सवाल है कि जब बच्चों के बैठने के लिए पक्की छत तक उपलब्ध नहीं है, तो ऐसे माहौल में सुपोषण और सुरक्षित बाल विकास की योजनाएं कैसे प्रभावी होंगी। आंधी-तूफान के दौरान यदि जर्जर खपरैल या बांस का ढांचा गिरता है तो किसी अनहोनी की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

अधिकारी ने कहा- जनपद सीईओ से करूंगा बात

महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, पखांजूर जागेश्वर परते ने कहा, “कई भवन निर्माणाधीन अवस्था में हैं। मैं जनपद सीईओ से तत्काल बात करता हूं।”

ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि दो दशक से झोपड़ी में संचालित हो रहे इस आंगनबाड़ी केंद्र का भवन जल्द पूरा होगा और बच्चों को सुरक्षित एवं पक्की छत मिल सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments